उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को तेज करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के लिए एक बड़ी घोषणा की है। मंगलवार 7 अप्रैल को आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने ‘ग्रेटर आगरा’ को ‘दूसरा नोएडा’ बनाने का लक्ष्य सामने रखा, जो आने वाले समय में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दे सकता है।
आगरा को मिलेगी नयी पहचान: पर्यटन के साथ बनेगा आर्थिक हब
आगरा दुनिया भर में अपने पर्यटन खासतौर पर विश्व के सातवें अजूबे ताजमहल के लिए जाना जाता है। लेकिन अब सरकार इसे केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रखना चाहती। सीएम योगी का विज़न है कि आगरा को एक आधुनिक, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। ‘ग्रेटर आगरा’ प्रोजेक्ट इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो आने वाले समय में आगरा शहर की पहचान को पूरी तरह से बदल सकता है।
‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप: क्या है पूरा प्लान?
सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप को एक आधुनिक शहर और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा ‘न्यू सिटी प्रमोशन स्कीम’ के तहत लगभग 5,142 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। यह टाउनशिप रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में करीब 449.65 हेक्टेयर जमीन पर बनेगी। इसे पूरी तरह प्लान्ड सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आधुनिक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
आगरा में रोजगार और निवेश के बड़े अवसर
‘दूसरा नोएडा’ बनने की दिशा में बढ़ता ‘ग्रेटर आगरा’ लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोल सकता है। जैसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा को आईटी और इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित किया गया, वैसे ही आगरा को भी इंडस्ट्रियल हब बनाने की योजना है। जिसके बाद बड़ी कंपनियों के आने की उम्मीद है जिससे युवावों को रोजगार मुहैय्या कराया जा सकेगा। इससे मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सर्विस और रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
325 विकास परियोजनाओं से बदलेगा शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर
इस कार्यक्रम में 325 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, ये परियोजनाएं शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। इसमें सड़क, आवास, पर्यटन और कनेक्टिविटी जैसे आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं।
सीएम योगी ने यह भी संकेत दिया कि आगरा एयरपोर्ट के विकास को और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और इस साल के अंत तक इसे नया सिविल टर्मिनल मिल सकता है। सीएम योगी ने कहा है की फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के विकास पर भी सरकार का विशेष ध्यान रहेगा। इसके अलावा यदि समय से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो जाती है, तो शहर में रबर डैम निर्माण की योजना को भी धरातल पर उतारा जाएगा।
यूपी की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट
‘ग्रेटर आगरा’ प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश को 2047 तक ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी’ बनाने के लक्ष्य में अहम भूमिका निभा सकता है। यह प्रोजेक्ट न सिर्फ निवेश आकर्षित करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा। सरकार की यह परियोजना आगरा के साथ साथ पूरे राज्य की अर्थव्यस्था में योगदान देगी, जिससे आगरा उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में विकास का एक नया इंजन बन सकता है।
प्रोजेक्ट टाउनशिप की प्रमुख खासियत
इस विकास परियोजना में बहुमंजिला फ्लैट, सामूहिक आवास समितियां, आवासीय भूखंड, चौड़ी आधुनिक सड़कें, अत्याधुनिक सीवेज और जल निकासी प्रणाली, विशाल हरित क्षेत्र, पार्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं शामिल होंगी। इसका उद्देश्य 10,000 से अधिक परिवारों के लिए सुलभ आवास प्रदान करना है, जिससे एक सुरक्षित और रहने योग्य वातावरण का निर्माण हो सके जो आधुनिकता और सांस्कृतिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाए रखे। इस प्रोजेक्ट की खास बात यह भी है कि इसके सेक्टरों के नाम भारत की पवित्र नदियों जैसे गंगा, यमुना, सरस्वती और गोदावरी के नाम पर रखे जाएंगे, जिससे सांस्कृतिक पहचान भी बनी रहेगी।