CES 2026: दुनिया का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी शो कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) 2026 इस बार सिर्फ नए गैजेट्स का मंच नहीं रहा, बल्कि इसने भविष्य की ज़िंदगी की एक झलक भी दिखा दी। अमेरिका के लास वेगस में 6 जनवरी से शुरू हुआ यह टेक महाकुंभ 9 जनवरी तक चला, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डिजिटल हेल्थ और स्मार्ट मशीनों ने सबका ध्यान खींचा।
इस साल CES की खास बात यह रही कि इसमें 150 से ज्यादा देशों के इनोवेटर्स शामिल हुए और करीब 40 प्रतिशत स्टार्टअप्स अमेरिका के बाहर से आए। यानी टेक्नोलॉजी अब किसी एक देश की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की साझी ताकत बन चुकी है।
जले-कटे के दाग मिटाने वाली चमत्कारी डिवाइस
CES 2026 की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली खोजों में से एक रही दक्षिण कोरिया की कंपनी Kolmar Korea की अनोखी डिवाइस। यह डिवाइस शरीर पर मौजूद पुराने जलने, कटने या चोट के निशानों को न सिर्फ छुपाती है, बल्कि उनका इलाज भी करती है।
इस तकनीक की खासियत यह है कि यह मोबाइल कैमरे से पहले दाग की फोटो लेती है। जैसे डॉक्टर एक्स-रे देखकर बीमारी समझते हैं, वैसे ही यह मशीन फोटो के जरिए दाग की गहराई, रंग और प्रकार को पहचानती है। इसके बाद यह अपने आप सही दवा और स्किन से मिलता-जुलता रंग चुनकर हल्का पाउडर स्प्रे कर देती है। पूरी प्रक्रिया सिर्फ 10 मिनट में पूरी हो जाती है और इसमें कोई गर्मी नहीं निकलती, जिससे स्किन को नुकसान का खतरा नहीं होता। इसी वजह से इसे CES 2026 का बेस्ट इनोवेशन अवॉर्ड मिला।
इंसानों जैसा रोबॉट, जो फैक्ट्री में करेगा काम
रोबोटिक्स की दुनिया में CES 2026 एक बड़ा मोड़ साबित हुआ, जब Hyundai की सब्सिडियरी Boston Dynamics ने अपने इंसान जैसे रोबॉट Atlas को पेश किया। यह रोबॉट इंसानों की तरह चल सकता है, झुक सकता है, वजन उठा सकता है और मशीनों के साथ काम कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, Atlas को खासतौर पर फैक्ट्री के कामों के लिए डिजाइन किया गया है। यह न थकता है, न छुट्टी मांगता है। Hyundai का कहना है कि 2028 तक Atlas को इलेक्ट्रिक कार फैक्ट्रियों में असेंबली लाइन पर उतार दिया जाएगा। इससे इंडस्ट्रियल सेक्टर में ऑटोमेशन एक नए स्तर पर पहुंच सकता है।
गाना सुनाने वाला लॉलीपॉप
CES 2026 में टेक के साथ-साथ एक मीठा सरप्राइज भी देखने को मिला। Lollipop Star नाम की कंपनी ऐसा लॉलीपॉप लेकर आई, जिसे खाते समय गाना सुनाई देता है। हैरानी की बात यह है कि इसमें न स्पीकर है और न ही ईयरफोन। दरअसल, यह लॉलीपॉप बोन कंडक्शन टेक्नोलॉजी पर काम करता है। जब लॉलीपॉप मुंह में रखा जाता है, तो उससे निकलने वाली कंपन जबड़े की हड्डी के जरिए सीधे कान तक पहुंचती है। इसका मतलब है कि आसपास के लोग कुछ नहीं सुनते, लेकिन खाने वाला व्यक्ति म्यूज़िक का पूरा मजा ले सकता है।
फुसफुसाहट भी लिख देगा यह स्मार्ट ईयरबड
Subtle Computing नाम की स्टार्टअप कंपनी ने CES 2026 में ऐसे ईयरबड्स दिखाए, जो भीड़ और शोर के बीच भी सिर्फ आपकी आवाज पहचान लेते हैं। डेमो के दौरान एक इंजीनियर ने बेहद धीमी आवाज में, लगभग फुसफुसाकर बात की, लेकिन मोबाइल स्क्रीन पर उसकी पूरी बात साफ-साफ लिखी आ गई। यह टेक्नोलॉजी खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो पब्लिक प्लेस में वॉयस कमांड का इस्तेमाल करते हैं या जिन्हें अपनी बातचीत गोपनीय रखनी होती है।
घर के काम करेगा LG का घरेलू रोबॉट
CES 2026 में घरेलू रोबॉट्स भी चर्चा का बड़ा विषय रहे। LG ने ऐसा रोबॉट पेश किया, जो घर के छोटे-मोटे काम कर सकता है। यह कपड़े फोल्ड करने, खाना लाने और घर के अंदर सामान पहुंचाने जैसे कामों में मदद कर सकता है। फिलहाल यह रोबॉट शोकेस के तौर पर पेश किया गया है, लेकिन LG का कहना है कि आने वाले समय में इसे आम घरों तक पहुंचाया जाएगा। यानी भविष्य में रोबोट हेल्पर रखना कोई लग्ज़री नहीं, बल्कि ज़रूरत बन सकती है।
Nvidia का ‘फिजिकल AI’
CES 2026 में टेक दिग्गज Nvidia ने ‘फिजिकल AI’ की झलक दिखाकर सबको चौंका दिया। अब तक AI चैटबॉट, ऐप या वॉयस असिस्टेंट तक सीमित था, लेकिन फिजिकल AI असल दुनिया में काम करने वाली मशीनों के लिए है। इस तकनीक में पहले मशीनों को कंप्यूटर की एक नकली दुनिया में ट्रेनिंग दी जाती है, जहां बारिश, हादसे, ट्रैफिक और भीड़ जैसी स्थितियां बनाई जाती हैं। जब मशीन वहां सीख जाती है, तब उसे असली दुनिया में उतारा जाता है। Nvidia के CEO जेंसन हुआंग ने CES में चलते-फिरते रोबॉट्स दिखाकर इसका लाइव प्रदर्शन किया।
CES 2026: भविष्य अब दूर नहीं
CES 2026 ने यह साफ कर दिया कि आने वाले सालों में टेक्नोलॉजी सिर्फ हमारी ज़िंदगी आसान नहीं बनाएगी, बल्कि हमारे काम करने, सोचने और जीने के तरीके को पूरी तरह बदल देगी। गाना सुनाने वाला लॉलीपॉप हो या दाग मिटाने वाली डिवाइस — भविष्य अब कल्पना नहीं, हकीकत बन चुका है।