दिवाली से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अब अमूल के 1 किलो घी का कार्टन 50 रुपये महंगा होकर 680 रुपये का हो गया है। वहीं, 500 ग्राम मक्खन के पैक की कीमत 15 रुपये बढ़कर 325 रुपये पहुंच गई है। त्योहारों के दौरान घी और मक्खन की बढ़ती मांग के बीच कंपनी ने यह फैसला लिया है। दूसरी ओर, कई शहरों में अमूल के गाय के घी की कमी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
गाय के घी की कीमतों में भी उछाल
अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग प्रकार के घी की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। यहां गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये और शुद्ध घी 700 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर उपलब्ध है। वहीं, भैंस के घी की कीमत 720 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। हालांकि, कुछ उत्पाद और कॉम्बो पैक आउट ऑफ स्टॉक भी दिखाई दिए।
जीएसटी कटौती की राहत हुई कम
सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी उत्पादों की कीमतें घटाई थीं। उस समय एक लीटर घी के कार्टन की कीमत 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये कर दी गई थी। इसी तरह 5 लीटर घी का टिन 3,275 रुपये से घटकर 3,075 रुपये का हो गया था। मक्खन की कीमतों में भी कटौती की गई थी। अब दोबारा कीमतें बढ़ने से ग्राहकों को जीएसटी में कटौती के बाद मिली राहत का बड़ा हिस्सा कम हो गया है।
मिलावटी घी पर कार्रवाई से बढ़ी मांग
गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ने की बात सामने आई है। अमूल से जुड़े सहकारी क्षेत्र के एक पदाधिकारी के मुताबिक, पिछले छह महीनों में दोनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है। इसके बाद ग्राहकों का रुझान अमूल जैसे स्थापित ब्रांडों की ओर बढ़ा है।
त्योहारों के दौरान भी घी की खपत तेजी से बढ़ती है। बताया जाता है कि पूरे साल में घी की कुल खपत का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा त्योहारों के सीजन में होता है। दिवाली पर मिठाइयां और पकवान बनाने के लिए बढ़ती मांग से सप्लाई पर दबाव बढ़ जाता है।
कई शहरों में घी की सप्लाई प्रभावित
वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों के मुताबिक, गणेश उत्सव के बाद से ही घी की सप्लाई कम हो रही है। खासकर अमूल गाय के घी की उपलब्धता में ज्यादा परेशानी बताई जा रही है। पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर से भी अलग-अलग समय पर सप्लाई की कमी की शिकायतें सामने आई हैं। वडोदरा के कुछ अमूल पार्लर संचालकों का कहना है कि मांग के मुकाबले उन्हें काफी कम घी मिल रहा है। वितरण व्यवस्था में सुधार की कोशिशों के बावजूद गाय के घी की कमी बनी हुई है।
नंदिनी और आविन ने भी बढ़ाए दाम
डेयरी उत्पादों की कीमतें बढ़ाने वाला अमूल अकेला ब्रांड नहीं है। कर्नाटक में नंदिनी दूध 1 नवंबर से 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। सरकार ने इसे किसानों की आय बढ़ाने से जुड़ा फैसला बताया है। वहीं, तमिलनाडु के सहकारी डेयरी ब्रांड आविन ने भी घी, मक्खन और मिठाइयों समेत 67 उत्पादों की कीमतें बढ़ाई हैं। नई दरें 28 अक्टूबर से लागू हो चुकी हैं।