भारतीय शेयर बाजार में टाटा स्टील और APL अपोलो ट्यूब्स के बीच प्रस्तावित बड़ी कारोबारी डील चर्चा का विषय बनी हुई है। करीब 28,000 करोड़ रुपये के कारोबार हस्तांतरण और APL अपोलो में हिस्सेदारी खरीदने की योजना से टाटा स्टील को स्टील पाइप और वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट के बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका मिल सकता है। हालांकि, डील की भारी लागत, बढ़ते कर्ज और शुरुआती वर्षों में कमाई पर दबाव की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
इसका असर 23 नवंबर 2026 को शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। कारोबार के दौरान टाटा स्टील के शेयर करीब 8 फीसदी और APL अपोलो के शेयर 21 फीसदी से ज्यादा टूट गए।
कितने बड़े हैं दोनों कंपनियों के सौदे?
टाटा स्टील की योजना APL अपोलो ट्यूब्स में करीब 52.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की है। इसके लिए अधिकतम 32,266 करोड़ रुपये खर्च किए जा सकते हैं। वहीं, टाटा स्टील अपना ट्यूब कारोबार और टाटा स्टील कलर्स का पूरा कारोबार APL अपोलो को करीब 28,000 करोड़ रुपये में बेचेगी। इसमें ट्यूब कारोबार का मूल्य 11,700 करोड़ और कलर कोटेड स्टील कारोबार का मूल्य 16,300 करोड़ रुपये है।
टाटा स्टील ने 23 नवंबर को APL अपोलो की 9.99 फीसदी हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर करीब 5,825 करोड़ रुपये में खरीद ली है। बाकी सौदों को पूरा करने के लिए नियामकीय और शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
डील की ऊंची कीमत बनी चिंता
ब्रोकरेज फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक, इस सौदे में APL अपोलो की एंटरप्राइज वैल्यू करीब 60,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित EBITDA का लगभग 15.3 गुना है। ब्रोकरेज का मानना है कि टाटा स्टील को इस अधिग्रहण के लिए प्रीमियम कीमत चुकानी पड़ रही है।
हालांकि, इस सौदे से कंपनी को APL अपोलो का मजबूत ब्रांड, देशव्यापी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और स्थापित बाजार भी मिलेगा। इससे भविष्य में कारोबार का विस्तार आसान हो सकता है।
कर्ज और कमाई पर दबाव का खतरा
डील को लेकर सबसे बड़ी चिंता टाटा स्टील के बढ़ते कर्ज की है। सितंबर 2026 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट डेट करीब 91,400 करोड़ रुपये था। सौदा पूरा होने के बाद इसके लगभग 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
इसके अलावा, कंपनी को वित्त वर्ष 2027 में करीब 18,000 करोड़ और वित्त वर्ष 2028 में 20,000 करोड़ रुपये के कैपेक्स की जरूरत पड़ सकती है। नुवामा के अनुसार, शुरुआती दो से तीन वर्षों तक इस डील का कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) पर नकारात्मक असर रह सकता है।
लंबी अवधि में बढ़ सकती है कमाई
टाटा स्टील को उम्मीद है कि इस सौदे से स्टील पाइप, कलर कोटेड स्टील और दूसरे तैयार उत्पादों के कारोबार में विस्तार होगा। दोनों कंपनियों की संयुक्त उत्पादन क्षमता करीब 75 लाख टन सालाना है, जिसे अगले पांच से छह वर्षों में बढ़ाकर लगभग 1.55 करोड़ टन करने की योजना है।
कंपनी प्रबंधन का अनुमान है कि अगले चार से पांच वर्षों में इस कारोबार से करीब 10,000 करोड़ रुपये का EBITDA हासिल करने की क्षमता विकसित हो सकती है।
टाटा स्टील के शेयर पर ब्रोकरेज की राय
नुवामा ने टाटा स्टील के शेयर पर खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखते हुए 219 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, डील से जुड़े कई जोखिम शेयर की कीमत में पहले ही शामिल हो चुके हैं। हालांकि, निवेशकों को कर्ज, कैपेक्स और सौदे के वास्तविक वित्तीय लाभ पर नजर रखनी चाहिए।