भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कमजोर शुरुआत के बाद बाजार ने शानदार वापसी की और कारोबार के अंत तक निवेशकों में खरीदारी का उत्साह बना रहा। सेंसेक्स 989.94 अंकों की बढ़त के साथ 83,021.75 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 ने 286.35 अंक चढ़कर 25,514.30 के स्तर पर कारोबार समाप्त किया। दिन के दौरान सेंसेक्स अपने निचले स्तर से करीब 1,400 अंक तक उछला। ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.40 फीसदी चढ़कर बंद हुआ।
बाजार में तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और मेटल की कीमतों में गिरावट अहम वजह रही। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर के मुताबिक, कॉपर और एल्युमीनियम की कीमतें घटने से ऑटो कंपनियों को राहत मिली, जिससे इस सेक्टर के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। बैंकिंग इंडेक्स भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा। हालांकि, अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका और दिसंबर तिमाही में कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बाजार की तेजी को सीमित कर सकता है, खासकर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में।
एसबीआई सिक्योरिटीज के हेड ऑफ फंडामेंटल रिसर्च सनी अग्रवाल ने बताया कि ऑटो, बैंकिंग और कंज्यूमर शेयरों में अच्छी खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी। मेटल की कीमतों में गिरावट और मांग में सुधार की उम्मीद से ऑटो सेक्टर करीब 4.3 फीसदी चढ़ा। वहीं, अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर चिंता के चलते आईटी शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।
मोतीलाल ओसवाल के हेड ऑफ रिसर्च सिद्धार्थ खेमका के अनुसार, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कमोडिटी कीमतों में नरमी से बाजार में सकारात्मक माहौल बना रह सकता है। निफ्टी ऑटो 4.4 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 3.6 फीसदी चढ़े। कॉपर की कीमतों में गिरावट से एसी और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख से बाजार में आगे दबाव बन सकता है।
इसी बीच, टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की संभावित बोर्ड बैठक अगले सप्ताह 26 नवंबर को हो सकती है। बैठक से पहले कंपनी के संभावित आईपीओ को लेकर निवेशकों की नजर बनी हुई है। यदि टाटा संस शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। कंपनी का अनुमानित मूल्यांकन 15 लाख करोड़ से 18 लाख करोड़ रुपये के बीच माना जा रहा है।