एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण विमान दुर्घटना में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई। हादसे ने न केवल कई परिवारों को उजाड़ दिया बल्कि गुजरात के दो जाने-माने उद्योगपति – प्रमुख नंदा और सुभाष अमीन – की जिंदगी भी निगल ली।
कौन थे प्रमुख नंदा?
प्रमुख नंदा, कार्गो मोटर्स ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे। यह समूह पश्चिमी भारत में एक प्रमुख ऑटोमोबाइल डीलरशिप और ट्रांसपोर्टेशन कंपनी के रूप में जाना जाता है। हादसे के समय फ्लाइट में उनके साथ उनकी पत्नी नेहा प्रमुख नंदा और बेटा प्रयास प्रमुख नंदा भी सवार थे। कार्गो मोटर्स गुजरात में एक विश्वसनीय नाम है, जिसकी सेवाएं ऑटो सेक्टर से लेकर लॉजिस्टिक्स तक फैली हुई हैं। प्रमुख नंदा की उद्यमशीलता और सामाजिक जुड़ाव ने उन्हें गुजरात के बिजनेस कम्युनिटी में विशेष पहचान दिलाई थी।
कौन थे सुभाष अमीन?
दूसरे दिवंगत उद्योगपति सुभाष अमीन, Luby Motors के डायरेक्टर थे। वह गुजरात के व्यापारिक समुदाय का एक प्रमुख चेहरा माने जाते थे। Luby Motors की मूल कंपनी लुबी पंप्स प्राइवेट लिमिटेड एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी है, जिसकी स्थापना 27 फरवरी 1985 को हुई थी। यह कंपनी पिछले चार दशकों से मशीनरी और औद्योगिक उपकरणों के क्षेत्र में कार्यरत है।
हादसे में राजनीतिक दिग्गज भी शामिल
हादसे में मृतकों की सूची में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का नाम भी सामने आया है। उनकी उपस्थिति की पुष्टि केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और राममोहन नायडू ने की है।
टाटा ग्रुप का सहयोग: पीड़ित परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इस दुर्घटना के बाद बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही टाटा ग्रुप घायलों के सभी मेडिकल खर्चों को भी वहन करेगा।
टाटा ग्रुप ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट में लिखा
“एयर इंडिया फ्लाइट 171 की इस दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। शब्द कम पड़ जाते हैं इस नुकसान को व्यक्त करने में। हमारी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। हम इस कठिन समय में हर संभव सहयोग करेंगे।”