केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें आठवें वेतन आयोग पर टिकी हैं। आयोग के गठन को एक साल पूरा हो चुका है और उसे अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस बीच पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई है। पेंशनर्स के एक संगठन ने न्यूनतम पेंशन को मौजूदा 9,000 रुपये से बढ़ाकर 45,000 रुपये करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, यह मांग है, अभी सरकार की ओर से इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
मिनिमम पेंशन पांच गुना बढ़ाने का प्रस्ताव
भारत पेंशनर्स समाज ने आठवें वेतन आयोग को सौंपे ज्ञापन में न्यूनतम पेंशन 45,000 रुपये करने की मांग की है। संगठन का दावा है कि केंद्र सरकार के करीब 10 लाख पेंशनर्स उसके सदस्य हैं। इस प्रस्ताव के मुताबिक मौजूदा 9,000 रुपये की न्यूनतम पेंशन में पांच गुना वृद्धि की मांग की गई है।
वहीं, नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने और रिटायरमेंट के समय अंतिम वेतन का 67 फीसदी पेंशन देने की मांग रखी है। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयीज फेडरेशन समेत अन्य संगठनों ने भी पेंशन में बढ़ोतरी और सिविल कर्मचारियों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू करने की मांग उठाई है।
67 फीसदी पेंशन लागू हुई तो कितना मिलेगा?
मौजूदा व्यवस्था में कर्मचारी को रिटायरमेंट के समय अंतिम मूल वेतन का 50 फीसदी पेंशन के रूप में मिलता है। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी की अंतिम सैलरी एक लाख रुपये है, तो उसकी पेंशन 50,000 रुपये बनती है।
अगर 60,000 रुपये की बेसिक पे पर 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाए, तो नई बेसिक पे करीब 2.30 लाख रुपये हो सकती है। इस पर 67 फीसदी पेंशन का हिसाब लगाने पर करीब 1.54 लाख रुपये मासिक पेंशन बनती है। वहीं, 50 फीसदी के हिसाब से भी पेंशन करीब 1.15 लाख रुपये होगी। हालांकि, ये उदाहरण प्रस्तावित गणनाओं पर आधारित हैं, वास्तविक पेंशन आयोग की सिफारिशों और सरकारी फैसले पर निर्भर करेगी।
क्या 22,500 रुपये हो सकती है न्यूनतम पेंशन?
पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर खर्च का दबाव भी बढ़ेगा। केंद्र में करीब 58 लाख कर्मचारी और 69 लाख पेंशनर्स हैं। सातवें वेतन आयोग में 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होने के बाद न्यूनतम पेंशन 9,000 रुपये तय हुई थी।
आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.5 रहने की संभावना जताई जा रही है। यदि इस आधार पर न्यूनतम पेंशन संशोधित होती है, तो यह 9,000 रुपये से बढ़कर 22,500 रुपये हो सकती है। हालांकि, अभी यह केवल अनुमान है। अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।