जापान की दिग्गज निवेश कंपनी सॉफ्टबैंक ग्रुप ने भारतीय ई-कॉमर्स कंपनी मीशो में अपनी हिस्सेदारी एक बार फिर घटा दी है। कंपनी ने मीशो के करीब 7.64 करोड़ शेयर बेचकर 1,885.17 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस बड़े शेयर सौदे के बाद मीशो में सॉफ्टबैंक की हिस्सेदारी घटकर 5.19 फीसदी रह गई है। खास बात यह है कि सॉफ्टबैंक के शेयर खरीदने के लिए घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। इस सौदे में फ्रांस की वित्तीय कंपनी सोसाइटी जनरल से लेकर सिंगापुर सरकार और नॉर्वे के सरकारी निवेश कोष तक शामिल रहे।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, सॉफ्टबैंक से जुड़ी कंपनी SVF II मीरकैट (DE) LLC ने शुक्रवार को मीशो के 7.64 करोड़ से अधिक शेयर बेचे। यह कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 1.65 फीसदी है। शेयरों की औसत बिक्री कीमत 246.75 रुपये प्रति शेयर रही। इस तरह पूरे सौदे का मूल्य 1,885.17 करोड़ रुपये रहा। इससे पहले मीशो में SVF II मीरकैट की हिस्सेदारी 6.84 फीसदी थी, जो अब घटकर 5.19 फीसदी रह गई है।
बड़े निवेशकों ने दिखाई खरीदारी में दिलचस्पी
सॉफ्टबैंक की ओर से बेचे गए शेयरों को खरीदने के लिए कई बड़े निवेशक आगे आए। इनमें फ्रांस की वित्तीय कंपनी सोसाइटी जनरल सबसे प्रमुख रही। कंपनी ने करीब 364.65 करोड़ रुपये में मीशो के 1.47 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे। यह कंपनी की लगभग 0.32 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है।
घरेलू संस्थागत निवेशकों में मोतीलाल ओसवाल, HDFC, एडलवाइस और आदित्य बिड़ला सन लाइफ के म्यूचुअल फंड शामिल रहे। इसके अलावा बजाज लाइफ इंश्योरेंस ने भी मीशो के शेयर खरीदे। विदेशी निवेशकों में मॉर्गन स्टेनली, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, BNP पारिबा, गोल्डमैन सैक्स, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट और विलियम ब्लेयर इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट ने खरीदारी की।
इस सौदे में टेक्सास म्युनिसिपल रिटायरमेंट सिस्टम, सिंगापुर सरकार, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर और नॉर्वे के सरकारी निवेश कोष की भागीदारी भी रही। बड़े निवेशकों की खरीदारी के बीच शुक्रवार को मीशो के शेयरों में मजबूती देखने को मिली। NSE पर कंपनी का शेयर 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 257.99 रुपये पर बंद हुआ।
भारतीय कंपनियों में हिस्सेदारी घटा रहा सॉफ्टबैंक
सॉफ्टबैंक पिछले कुछ समय से भारतीय कंपनियों में अपने निवेश का पुनर्गठन कर रहा है। कंपनी लगातार अलग-अलग कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेचकर पूंजी जुटा रही है। इसी महीने सॉफ्टबैंक ने चश्मे बेचने वाली कंपनी लेंस्कार्ट सॉल्यूशंस में 1.56 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर करीब 1,896 करोड़ रुपये जुटाए थे।
इससे पहले सितंबर में सॉफ्टबैंक ने मीशो में 1.7 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 1,650 करोड़ रुपये जुटाए थे। वहीं, अगस्त में लेंस्कार्ट की करीब 2.6 फीसदी हिस्सेदारी 2,888 करोड़ रुपये में बेची गई थी। जून में भी कंपनी ने लेंस्कार्ट की 3.25 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 2,873 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके अलावा जनवरी में सॉफ्टबैंक ने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अपनी हिस्सेदारी 2.15 फीसदी घटाई थी।
सॉफ्टबैंक की लगातार हिस्सेदारी बिक्री से भारतीय स्टार्टअप और नई टेक्नोलॉजी कंपनियों में उसके निवेश की रणनीति में बदलाव के संकेत मिलते हैं। वहीं, मीशो में बड़े घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से कंपनी के शेयरों पर बाजार की नजर बनी हुई है।