देश की प्रमुख इस्पात कंपनियों में शामिल टाटा स्टील कच्चे माल की बढ़ती लागत से निपटने के लिए अपनी रणनीति में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। कंपनी की नजर 2030 में समाप्त होने वाली अपनी पुरानी लौह अयस्क खदानों की लीज पर है। इसके बाद खनन अधिकारों के लिए होने वाली नीलामी में कंपनी हिस्सा लेगी, लेकिन केवल अपनी खदानों पर निर्भर रहने के बजाय बाहरी स्रोतों से भी लौह अयस्क खरीदने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य उत्पादन लागत को नियंत्रित करना और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त बनाए रखना है।
कैप्टिव और बाहरी खदानों का होगा मिश्रण
टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन के मुताबिक, कंपनी लौह अयस्क की खरीद के लिए मिला-जुला मॉडल अपनाएगी। इसमें अपनी खदानों से मिलने वाले कैप्टिव लौह अयस्क के साथ बाहरी बाजार से प्रतिस्पर्धी कीमतों पर खरीद भी शामिल होगी। उनका कहना है कि विदेशों में बेहतर गुणवत्ता वाला लौह अयस्क कई बार किफायती कीमतों पर उपलब्ध होता है। ऐसे में सिर्फ खदानों का मालिकाना हक होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खरीद की लागत का सही प्रबंधन भी जरूरी है।
2030 में खत्म हो रही चार खदानों की लीज
कंपनी की चार प्रमुख लौह अयस्क खदानों जोडा ईस्ट, नोआमुंडी, कटामाटी और खोंडबोंड की लीज 2030 में समाप्त हो रही है। इन खदानों से टाटा स्टील को अपने इस्पात संयंत्रों के लिए कम लागत पर कच्चा माल मिलता है। खनिज कानून में 2015 में हुए संशोधन के तहत इन खदानों को 31 मार्च 2030 तक खनन की अनुमति दी गई थी। इसके बाद कंपनी को नीलामी प्रक्रिया में नए सिरे से अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी।
नीलामी में ऊंची बोली बनी चुनौती
टाटा स्टील ने नीलामी और अधिग्रहण के जरिए अपने कैप्टिव खदानों के पोर्टफोलियो का विस्तार भी किया है। हालांकि, नीलामी में ऊंचे प्रीमियम पर खदानें हासिल करना कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती है। वर्ष 2021 में टाटा स्टील ने ओडिशा के गंधलपाडा लौह अयस्क ब्लॉक को 141.25 प्रतिशत प्रीमियम पर हासिल किया था।
कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में उसके भारतीय परिचालन को 100 प्रतिशत कैप्टिव लौह अयस्क सुरक्षा हासिल थी। इस दौरान कंपनी की खदानों से 4.4 करोड़ टन लौह अयस्क का उत्पादन हुआ, जबकि घरेलू इस्पात उत्पादन क्षमता 2.735 करोड़ टन रही।
लागत के साथ राजस्व बढ़ाने पर भी जोर
टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2025 से लागत घटाने का व्यापक कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत उत्पादन क्षमता, खरीद प्रक्रिया, सप्लाई चेन, कर्मचारियों की उत्पादकता और रखरखाव जैसे क्षेत्रों में सुधार किया जा रहा है। कंपनी नए विकास अवसरों की तलाश भी कर रही है, जहां पुरानी लागत का बोझ कम हो।
इसके अलावा कंपनी ग्राहकों के साथ बेहतर जुड़ाव, नए समाधान और बी2सी कारोबार के विस्तार पर ध्यान दे रही है। यानी टाटा स्टील की रणनीति केवल सस्ता कच्चा माल हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्पादन से लेकर बिक्री तक पूरी कारोबारी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।