प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के तहत अगली यानी 20वीं किस्त जल्द ही किसानों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई 2025 को बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में एक बड़ी रैली के दौरान इस किस्त को जारी कर सकते हैं। इस बार लगभग 9.8 करोड़ किसानों को 2 हजार रुपये की रकम सीधे उनके बैंक अकाउंट में मिलेगी।
तीन किस्तों में सालाना 6 हजार की सहायता
इस योजना के तहत सरकार किसानों को साल में तीन बार आर्थिक सहायता देती है। हर चार महीने पर 2 हजार रुपये की एक किस्त किसानों के बैंक खाते में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है। पिछली यानी 19वीं किस्त फरवरी 2025 में जारी की गई थी। उस समय 2.41 करोड़ महिला किसानों समेत कुल 9.8 करोड़ किसानों को 22 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ट्रांसफर की गई थी।
किस्त में देरी क्यों हुई?
इस तिमाही में किस्त मिलने में थोड़ा विलंब हुआ है। इसका कारण किसानों द्वारा ई-केवाईसी पूरी न करना, बैंक खाते में आधार लिंक न होना या तकनीकी कारण हो सकते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि सभी किसान समय रहते जरूरी अपडेट्स पूरे करें, ताकि उन्हें अगली किस्त समय पर मिल सके।
जरूरी शर्तें – ये काम ज़रूर करें
अगर आप पीएम किसान योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो निम्नलिखित काम समय रहते कर लें:
अपना बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक करें
ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी करें
सुनिश्चित करें कि आपके खाते में DBT सुविधा सक्रिय हो
योजना की वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस चेक करें
अपना नाम लिस्ट में ऐसे चेक करें
- वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं
- होमपेज पर ‘Dashboard’ (पीले रंग का टैब) पर क्लिक करें
- ‘Village Dashboard’ में राज्य, जिला, तहसील और पंचायत की जानकारी भरें
- ‘Get Report’ पर क्लिक करें और सूची में अपना नाम खोजें
भूमि विवरण अपडेट कैसे करें?
- वेबसाइट के ‘Farmers Corner’ सेक्शन में जाएं
- ‘State Transfer Request’ ऑप्शन पर क्लिक करें
- रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार नंबर डालें
- मोबाइल पर आए OTP को भरें
- ज़मीन से जुड़े दस्तावेज (खसरा, खतौनी) अपलोड करें
- जानकारी चेक कर फॉर्म सबमिट करें
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर
अगर किसी किसान को योजना से जुड़ी कोई परेशानी है, तो वो इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
टोल फ्री नंबर: 155261 या 1800-115-526
ईमेल: pmkisan-ict@gov.in
सरकार चला रही जागरूकता अभियान
योजना की जानकारी ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाने के लिए सरकार गांव-गांव में जागरूकता अभियान चला रही है। इसका मकसद यह है कि कोई भी पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसलिए अगर आप किसान हैं और योजना के लाभार्थी हैं, तो 18 जुलाई का इंतजार कीजिए – आपके खाते में जल्द ₹2,000 आने वाले हैं।