जून का यह अंक आपके हाथों में सौंपते हुए हमें गर्व भी है और उत्साह भी। बदलते भारत की औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक तस्वीर को समझने के लिए इस बार हमने उन विषयों को चुना है जो आने वाले समय की दिशा तय करने वाले हैं।
आज भारत केवल विकास की बात नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। यूरोप के साथ ऊर्जा, रक्षा और शिपिंग से जुड़े छह बड़े समझौते यह संकेत दे रहे हैं कि देश अब आत्मनिर्भरता और रणनीतिक मजबूती की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं 100 फीसदी एफडीआई और विदेशी कंपनियों की बढ़ती रुचि यह साबित करती है कि दुनिया भारत को केवल बाजार नहीं, बल्कि भविष्य की आर्थिक शक्ति के रूप में देख रही है।
इस अंक में हमने उत्तर प्रदेश के उभरते रियल एस्टेट केंद्रों से लेकर तेज रफ्तार माल ढुलाई तक उन बदलावों को समझने की कोशिश की है जो कारोबार का पूरा गणित बदल रहे हैं। घरेलू मांग में बढ़ोतरी ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई गति दी है, जबकि फार्मा सेक्टर में हजारों करोड़ के निवेश भारत को दुनिया की फार्मेसी बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।
लेकिन विकास केवल बड़े उद्योगों की कहानी नहीं है। यह उन छोटे उद्यमियों, कारीगरों और युवाओं की भी कहानी है जो नए भारत का चेहरा बन रहे हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना बुनकरों को नया आसमान दे रही है, बनारस साड़ी जैसे छोटे कमरे से शुरू हुए कारोबार करोड़ों रुपये तक पहुंच रहे हैं और इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म अब युवाओं के लिए रोजगार और रचनात्मक व्यवसाय के नए रास्ते खोल रहे हैं।
हमने इस अंक में उन चुनौतियों पर भी फोकस किया है जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। साइबर सिक्योरिटी के बढ़ते खतरे, असंगठित श्रम बाजार की जटिलताएं, डेटा एनालिटिक्स उद्योग की चुनौतियां, पर्यावरणीय संकट का असर, सीओपीडी पर असर और विश्व तंबाकू निषेध दिवस के बहाने बचपन बचाने की जंग—ये सभी विषय विकास के साथ जुड़ी जिम्मेदारियों की याद दिलाते हैं।
इंडस्ट्रियल एम्पायर केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि भारतीय उद्योग जगत की बदलती धड़कनों को समझने और आप तक पहुंचाने का एक प्रयास है। लेकिन यह यात्रा केवल हमारी नहीं, आपकी भी है। इंडस्ट्रियल एम्पायर आप तक पहुंचेगा, लेकिन आप भी अपनी आवाज हम तक पहुंचा सकते हैं। भारतीय उद्योग से जुड़ी कोई भी जानकारी, कहानी, विचार या अपनी राय लिखकर हमें भेजें।
हमें व्हाट्सएप करें: 9116200951
या ईमेल करें: industrialempireworld.gmail.com
https://drive.google.com/file/d/1HXRDucL-k__WfOjO6W3_GYzod-nCJZ6F/view?usp=drive_link