भारत के टेलीकॉम और कम्युनिकेशन सेक्टर में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अब अंतरिक्ष की दुनिया में बड़ा दांव लगाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की नजर अब सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार पर है, जहां उसका मुकाबला एलन मस्क की स्टारलिंक से हो सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस पृथ्वी की निचली कक्षा (Low Earth Orbit) में 1,600 सैटेलाइट का नेटवर्क स्थापित करने की संभावनाओं पर काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य भारत में ऐसा सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करना है, जिसका नियंत्रण देश के पास हो और जो दूरदराज के इलाकों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचा सके।
2035 तक तैयार होगा सैटेलाइट नेटवर्क
रिलायंस इंडस्ट्रीज इस परियोजना के लिए भारतीय सैटेलाइट निर्माता कंपनियों, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप और बड़े औद्योगिक समूहों के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाश रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की योजना घरेलू स्तर पर सैटेलाइट तैयार करने के साथ विदेश से भी इनकी खरीदारी करने की है। इसके लिए अमेरिका की दो कंपनियों से कम से कम 400 सैटेलाइट खरीदने को लेकर बातचीत चल रही है। यूरोप की कंपनियों को भी संभावित सप्लायर के तौर पर देखा जा रहा है। रिलायंस सितंबर 2027 में पहला टेस्ट मिशन शुरू करने और 2028 की शुरुआत से बड़े पैमाने पर सैटेलाइट तैनात करने की तैयारी कर रही है। पूरे नेटवर्क को 2035 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
भारत में बढ़ानी होगी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता
इस परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती सैटेलाइट निर्माण की क्षमता बढ़ाना है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में फिलहाल सालाना 15 से भी कम सैटेलाइट बनाए जाते हैं, जबकि रिलायंस की योजना को पूरा करने के लिए हर साल करीब 200 सैटेलाइट तैयार करने होंगे। इसके लिए कंपनी को घरेलू मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित करना होगा। इससे भारतीय स्पेस टेक्नोलॉजी कंपनियों, स्टार्टअप और कलपुर्जा निर्माताओं को भी नए व्यावसायिक अवसर मिल सकते हैं।
लॉन्चिंग और ऑर्बिटल स्लॉट बड़ी चुनौती
सिर्फ सैटेलाइट बनाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उन्हें अंतरिक्ष में स्थापित करना भी बड़ी चुनौती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इतने बड़े नेटवर्क के लिए लॉन्च व्हीकल की उपलब्धता बढ़ानी होगी। साथ ही सैटेलाइट को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित करने के लिए जरूरी ऑर्बिटल स्लॉट की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण होगी। हेक्स20 के सीईओ अमल चंद्रन के मुताबिक, पर्याप्त निवेश से सैटेलाइट निर्माण की क्षमता बढ़ाई जा सकती है, लेकिन लॉन्चिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार भी जरूरी है।
स्टारलिंक को मिलेगी सीधी चुनौती
एलन मस्क की स्टारलिंक पहले से ही दुनिया भर में 10,000 से ज्यादा सैटेलाइट के नेटवर्क के जरिए इंटरनेट सेवाएं दे रही है। इसके मुकाबले रिलायंस का प्रस्तावित नेटवर्क आकार में छोटा होगा, लेकिन इसका मुख्य फोकस भारत की जरूरतों पर रहेगा। कंपनी दूरदराज के गांवों, सीमावर्ती क्षेत्रों और उन इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाना चाहती है, जहां मोबाइल टावर और फाइबर नेटवर्क की पहुंच सीमित है। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा और महत्वपूर्ण संचार सेवाओं के लिहाज से भी यह नेटवर्क उपयोगी हो सकता है। हालांकि, रिलायंस की यह योजना अभी शुरुआती तैयारी के चरण में है। यदि कंपनी इसे सफलतापूर्वक पूरा करती है, तो भारत के सैटेलाइट इंटरनेट और स्पेस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई दिशा मिल सकती है।