शेयर बाजार में निवेश के साथ जोखिम को नियंत्रित करने की रणनीति तलाश रहे निवेशकों के लिए कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने नया फंड लॉन्च किया है। कोटक म्यूचुअल फंड ने अपने स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) प्लेटफॉर्म के तहत इन्फिनिटी इक्विटी लॉन्ग-शॉर्ट फंड पेश किया है। यह एक ओपन-एंडेड इक्विटी निवेश रणनीति है, जिसका उद्देश्य अच्छी कंपनियों के शेयरों में निवेश के जरिए लंबी अवधि में पूंजी बढ़ाना और डेरिवेटिव की मदद से बाजार के जोखिम को नियंत्रित करना है। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (NFO) 17 नवंबर 2026 को खुल गया है और निवेशक इसमें 1 दिसंबर 2026 तक पैसा लगा सकते हैं।
10 लाख रुपये से कर सकेंगे निवेश
कोटक म्यूचुअल फंड के मुताबिक, इस योजना में न्यूनतम 10 लाख रुपये का निवेश करना होगा। यह न्यूनतम निवेश सीमा AMC की सभी SIF योजनाओं में पैन स्तर पर लागू होगी। फंड में रोजाना निवेश और निकासी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निवेशकों को इसमें डायरेक्ट और रेगुलर प्लान के साथ ग्रोथ और इनकम डिस्ट्रीब्यूशन कम कैपिटल विदड्रॉल (IDCW) के विकल्प भी मिलेंगे। इस फंड का बेंचमार्क निफ्टी 100 TRI रखा गया है। कल्पेश जैन, रोहित टंडन और अभिषेक बिसेन इसकी निवेश रणनीति संभालेंगे। यह कोटक म्यूचुअल फंड की दूसरी SIF योजना है। इससे पहले जुलाई 2026 में कंपनी ने इन्फिनिटी हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड लॉन्च किया था, जिसका AUM 9 नवंबर 2026 तक करीब 4,140 करोड़ रुपये था।
बड़ी कंपनियों के शेयरों पर रहेगा फोकस
इन्फिनिटी इक्विटी लॉन्ग-शॉर्ट फंड मुख्य रूप से बड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगा। इसके लिए बॉटम-अप निवेश रणनीति अपनाई जाएगी। इसमें कंपनियों के कारोबार, भविष्य में विकास की संभावनाओं और शेयरों के उचित मूल्यांकन का विश्लेषण करके निवेश के अवसर तलाशे जाएंगे। फंड मैनेजर का प्रयास ऐसी कंपनियों की पहचान करना होगा, जिनमें लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता हो। इसके साथ ही बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए इक्विटी में निवेश का स्तर तय किया जाएगा।
डेरिवेटिव से जोखिम कम करने की कोशिश
इस फंड की खासियत इसकी लॉन्ग-शॉर्ट रणनीति है। इसमें केवल शेयर खरीदकर रखने के बजाय डेरिवेटिव का इस्तेमाल भी किया जाएगा। फंड मैनेजर प्रीमियम कमाने के लिए डीप आउट-ऑफ-द-मनी कवर्ड कॉल रणनीति अपना सकते हैं। वहीं, बाजार में गिरावट की आशंका होने पर संभावित नुकसान से बचाव के लिए पुट ऑप्शन और शॉर्ट फ्यूचर पोजिशन का इस्तेमाल किया जा सकता है। जरूरत के मुताबिक नकदी का स्तर भी बढ़ाया या घटाया जाएगा। इससे बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान पोर्टफोलियो के जोखिम को सक्रिय रूप से संभालने की कोशिश होगी।
बाजार की गिरावट में सुरक्षा पर जोर
कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश शाह के मुताबिक, इक्विटी निवेश में अच्छे शेयरों का चुनाव जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी बाजार की गिरावट के दौरान जोखिम को संभालना भी है। कंपनी का मानना है कि मौजूदा वैल्यूएशन पर बड़ी कंपनियों में निवेश के अवसर मौजूद हैं, लेकिन बाजार की परिस्थितियां बदलने पर इन शेयरों में भी गिरावट आ सकती है। ऐसे में यह फंड शेयरों के चयन के साथ डेरिवेटिव और नकदी आधारित रणनीतियों का इस्तेमाल करेगा।
फंड मैनेजर रोहित टंडन के अनुसार, निवेश के लिए बीएमवी (BMV) फ्रेमवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए उचित मूल्यांकन पर विकास की क्षमता रखने वाली कंपनियों की पहचान की जाएगी। हालांकि, निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि लॉन्ग-शॉर्ट रणनीति जोखिम को पूरी तरह खत्म नहीं करती। शेयर बाजार और डेरिवेटिव में निवेश के कारण इस फंड में भी पूंजी के नुकसान की आशंका बनी रहेगी।