नई दिल्ली: देश में मोबाइल रिचार्ज की कीमतें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। भारती एयरटेल के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए मोबाइल टैरिफ बढ़ाने की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि नेटवर्क विस्तार, 5G सेवाओं और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च को देखते हुए कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत मासिक कमाई यानी ARPU कम से कम 350 रुपये होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि मोबाइल रिचार्ज की कीमतें कब बढ़ेंगी।
भारती एंटरप्राइजेज के 50 साल पूरे होने के अवसर पर समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में मित्तल ने कहा कि टेलीकॉम कंपनियों की लागत लगातार बढ़ रही है। करीब 10 साल पहले वह 300 रुपये ARPU को उचित मानते थे, लेकिन महंगाई और परिचालन खर्च बढ़ने के बाद अब यह आंकड़ा 350 रुपये होना चाहिए।
नेटवर्क विस्तार के लिए बढ़ाना होगा निवेश
सुनील मित्तल के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियों पर बिजली, ईंधन, कर्मचारियों और प्रशासनिक खर्च का बोझ बढ़ा है। इसके साथ ही देश में मोबाइल नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए बड़े निवेश की जरूरत है। उन्होंने भारत और चीन के टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर की तुलना करते हुए बताया कि चीन में 10 लाख से अधिक मोबाइल टावर हैं, जबकि भारत में इनकी संख्या करीब 3.5 लाख है।
उन्होंने कहा कि भारत को मोबाइल टावरों के साथ फाइबर नेटवर्क और समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली सबमरीन केबल का भी विस्तार करना होगा। इसके लिए टेलीकॉम कंपनियों की वित्तीय स्थिति मजबूत होना जरूरी है।
5G पर भारी खर्च, लेकिन कमाई कम
मित्तल ने 5G नेटवर्क पर हुए निवेश का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों ने 5G स्पेक्ट्रम खरीदने और नेटवर्क तैयार करने में लाखों करोड़ रुपये खर्च किए हैं। नेटवर्क निर्माण पर करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, लेकिन इससे कंपनियों को अभी उम्मीद के मुताबिक अतिरिक्त कमाई नहीं हो रही है।
उनका कहना है कि बेहतर डिजिटल सेवाओं के लिए मजबूत टेलीकॉम नेटवर्क जरूरी है। यूपीआई, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, सरकारी योजनाओं का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर और ई-कॉमर्स जैसी सेवाएं इसी नेटवर्क पर निर्भर हैं।
रोजाना 10-12 रुपये में मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं
मित्तल का मानना है कि 350 रुपये मासिक ARPU होने के बावजूद भारत में मोबाइल सेवाएं वैश्विक स्तर पर सस्ती रहेंगी। उनके मुताबिक, इस हिसाब से एक ग्राहक का औसत खर्च रोजाना करीब 10 से 12 रुपये होगा। इसके बदले उसे बैंकिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, यूपीआई भुगतान, सरकारी सेवाओं, मनोरंजन और सोशल मीडिया जैसी सुविधाएं मिलती हैं।उन्होंने मोबाइल सेवाओं के खर्च की तुलना रोजमर्रा की चीजों से करते हुए कहा कि साबुन, चिप्स या कोल्ड ड्रिंक पर भी लोग इससे अधिक पैसा खर्च करते हैं।
जून 2024 में आखिरी बार बढ़े थे टैरिफ
भारत की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों ने जून 2024 में मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमतों में करीब 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी। इसके बाद से टैरिफ में कोई बड़ी व्यापक बढ़ोतरी नहीं हुई है। एयरटेल ने अगस्त में कुछ शुरुआती कीमत वाले प्लान बंद किए थे, जबकि नवंबर में 299 रुपये का प्रीपेड प्लान दोबारा शुरू किया।
मित्तल की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब टेलीकॉम सेक्टर में कंपनियों की कमाई बढ़ाने और नेटवर्क निवेश को मजबूत करने पर चर्चा हो रही है।
एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया पर क्या होगा असर?
अगर भविष्य में मोबाइल टैरिफ बढ़ते हैं, तो भारती एयरटेल और रिलायंस जियो जैसी कंपनियों की प्रति ग्राहक कमाई में इजाफा हो सकता है। वहीं, वोडाफोन आइडिया के लिए भी टैरिफ बढ़ोतरी वित्तीय स्थिति सुधारने में मददगार हो सकती है।
मित्तल ने कहा कि वह भारत में तीन मजबूत टेलीकॉम ऑपरेटर देखना चाहते हैं। उनका मानना है कि कंपनियों के पास पर्याप्त वित्तीय संसाधन होने चाहिए, ताकि वे नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने और भविष्य की डिजिटल जरूरतों को पूरा करने में निवेश कर सकें।
फिलहाल मोबाइल रिचार्ज की कीमतें बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक समयसीमा सामने नहीं आई है। लेकिन सुनील मित्तल के बयान से संकेत मिलता है कि आने वाले समय में टेलीकॉम कंपनियां टैरिफ बढ़ाने की जरूरत पर जोर दे सकती हैं।